ऊधमसिंहनगर। पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत नानकमत्ता पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 130.04 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 39 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर 3 सितंबर को कोतवाली नानकमत्ता पुलिस टीम ने डैम पार ग्राम गिधौर क्षेत्र में संदिग्धों और नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस ने गुरदेव सिंह उर्फ टैटू (20) निवासी ग्राम गिधौर को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 130.04 ग्राम स्मैक, 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोटरसाइकिल UK06BK-7715 भी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी से बरामद स्मैक की खरीद-फरोख्त और तस्करी के नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में कोतवाली नानकमत्ता में FIR संख्या 200/2026 के तहत धारा 8/21/60 NDPS Act और 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार से जुड़े अपराधियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।






