भीमताल। विकासखंड भीमताल की अलचौना ग्रामसभा के तोक पांडेछोर में मंगलवार को हुई भारी बारिश के बाद ककड़िया नाला उफान पर आ गया। नाले में पानी के साथ भारी मात्रा में मलबा आने से कई घरों में पानी और मलबा घुस गया। इससे घरेलू सामान को नुकसान पहुंचने के साथ कुछ मकानों को भी आंशिक क्षति हुई है।
हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर 23 प्रभावित परिवारों के 50 सदस्यों को सुरक्षित स्थानों पर स्थित अन्य घरों में शिफ्ट कराया। प्रशासन की टीम प्रभावित परिवारों की सुरक्षा के साथ उन्हें जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने में जुटी हुई है।
उपजिलाधिकारी नैनीताल नवाजिश खलीक के निर्देश पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने प्रभावित परिवारों के लिए पका-पकाया भोजन उपलब्ध कराया। मंगलवार को सभी 50 लोगों को भोजन कराया गया, जबकि बुधवार सुबह 10 बजे भी भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
प्रशासन की टीम क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए हुए है और बारिश से उत्पन्न स्थिति पर नजर रखी जा रही है।






