हल्द्वानी। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र और लालकुआं में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। टीम ने खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर घी, किशमिश और बेसन के विधिक नमूने संग्रहित किए, जिन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा गया है।
हल्द्वानी में तीन खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। रामपुर रोड स्थित श्री शिवशक्ति इंटरप्राइजेज से देशी घी और नल बाजार स्थित चिरंजीवीलाल प्रतिष्ठान से किशमिश का नमूना लिया गया। किशमिश की पैकेजिंग में लेबलिंग संबंधी अनियमितता मिलने पर संबंधित कंपनी और डिस्ट्रीब्यूटर के खिलाफ मिसब्रांडिंग की चालानी कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।
वहीं, हल्द्वानी ग्रामीण और लालकुआं क्षेत्र में सात प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर हरिपुर रतनसिंह स्थित भट्ट जनरल स्टोर से बेसन का विधिक नमूना लिया गया। टीम ने रामपुर-लालकुआं और सनेस मंडी क्षेत्र में भी खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री इस्तेमाल करने और एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा रामनगर क्षेत्र में भी दो खाद्य कारोबारियों के खिलाफ चालानी रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य के हित में मिलावटी, असुरक्षित और मिसब्रांडेड खाद्य पदार्थों के खिलाफ जिलेभर में निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा।






