हल्द्वानी। 25 वर्षीय युवक की आत्महत्या के बाद उसकी 16 वर्षीय कथित प्रेमिका ने भी फंदे से लटककर जान दे दी। किशोरी का शव काठगोदाम थाना क्षेत्र के वाटिका एंक्लेव स्थित एक बिजनेसमैन की कोठी के कमरे से मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
प्रेम प्रसंग की बात सामने आई
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशोरी प्रियांशी का पीलीभीत निवासी 25 वर्षीय विकास से कथित प्रेम प्रसंग था। विकास हल्द्वानी के भगवानपुर क्षेत्र में राजमिस्त्री का काम करता था। कुछ दिन पहले उसका शव एक निर्माणाधीन मकान में फंदे से लटका मिला था। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ था।
युवक की मौत से सदमे में थी किशोरी
बताया जा रहा है कि सोमवार को प्रियांशी को विकास की मौत की जानकारी मिली, जिसके बाद वह गहरे सदमे में चली गई। शाम को उसने कोठी के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
अन्य पहलुओं की भी जांच
काठगोदाम पुलिस प्रथम दृष्टया किशोरी के कदम को युवक की मौत के बाद सदमे और मानसिक तनाव से जोड़कर देख रही है। हालांकि पुलिस परिजनों से पूछताछ के साथ अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।






