डकैती के बाद एक्शन में पुलिस, दिल्ली से किच्छा तक दबिश; चार और गिरफ्तार…..

Spread the News

10-12 हथियारबंद बदमाशों ने ऑफिस में घुसकर मचाई थी दहशत, आठ लाख नकदी समेत मोबाइल और जेवर लूटने का आरोप

हल्द्वानी। गोरापड़ाव में 19 अगस्त की शाम हुई सनसनीखेज डकैती के मामले में नैनीताल पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दो वाहन, चार तमंचे, सात जिंदा कारतूस और 18 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई है। इस मामले में दो आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब तक छह आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश जारी है।

19 अगस्त की शाम डायल-112 के जरिए पुलिस को सूचना मिली थी कि गोरापड़ाव में 10-12 हथियारबंद लोगों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। वादी नारायण दास निवासी अंबा विहार, तीनपानी की तहरीर के अनुसार हथियारबंद बदमाशों ने ऑफिस में धावा बोलकर करीब आठ लाख रुपये नकद, 12 मोबाइल फोन, तीन सोने की चेन और अंगूठियां समेत अन्य सामान लूट लिया था। मामले में कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 284/26, धारा 310(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

50 सदस्यीय टीम ने खंगाले CCTV और सर्विलांस

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने करीब 50 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की। टीम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक, एसपी हल्द्वानी, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी, थाना प्रभारी, SOG, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, BDS, डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञों को शामिल किया गया। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे CCTV कैमरों और सर्विलांस से मिले इनपुट को खंगाला गया।

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू और रखवीर सिंह की भूमिका सामने आई, जिन्हें 21 अगस्त को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इसके बाद पुलिस टीमों ने अन्य राज्यों में भी दबिश दी।

दिल्ली से किच्छा तक दबिश, चार गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार यश सिडाना को 23 अगस्त को हल्द्वानी से गिरफ्तार किया गया। वहीं अमनदीप सिंह और शिवराज सिंह को 22 अगस्त को DND फ्लाईओवर-जैतपुर मोड़, नई दिल्ली से पकड़ा गया। चौथे आरोपी अफजल मलिक को 23 अगस्त को किच्छा से गिरफ्तार किया गया।

बरामदगी में यश सिडाना से क्रेटा कार संख्या UK 06 BE 9091 और 315 बोर का तमंचा व दो जिंदा कारतूस, अमनदीप सिंह से स्कॉर्पियो और 315 बोर का तमंचा व दो जिंदा कारतूस, शिवराज सिंह से 315 बोर का तमंचा व एक जिंदा कारतूस तथा अफजल मलिक से 18 हजार रुपये नकद, 12 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद होने का पुलिस ने दावा किया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपी यश सिडाना का पूर्व में भी किच्छा थाने में मारपीट और धमकी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज होना सामने आया है। अन्य आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।

फरार आरोपियों पर भी शिकंजे की तैयारी

गोरापड़ाव डकैती की पूरी साजिश और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। एसएसपी नैनीताल ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 2500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज, सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास लगातार जारी हैं।

  • Related Posts

    ऑनलाइन खतौनी भी होगी मान्य- जिलाधिकारी, बेवजह तहसील भेजने पर रोक…..

    Spread the News

    Spread the Newsहल्द्वानी। आम जनता को बड़ी राहत देते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि उत्तराखंड सरकार के अधिकृत ई-भूलेख पोर्टल से स्वयं डाउनलोड…

    जबरदस्ती का विरोध करने पर हुई थी युवती की ह**या, पुलिस ने 72 घंटे में किया खुलासा, डंपर चालक समेत दो गिरफ्तार…..

    Spread the News

    Spread the News200-250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस पहुंची हत्यारोपियों तक, डंपर से आला कत्ल और मृतका का बैग बरामद काशीपुर। धनौरी पट्टी, रामनगर रोड किनारे 20 अगस्त की…