हल्द्वानी। स्वच्छ भारत मिशन के तहत चल रहे स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026 के 12वें दिन नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के सभागार में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। नगर आयुक्त परितोष वर्मा के दिशा-निर्देशन में आयोजित शिविर में करीब 80 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में बीपी, ब्लड शुगर, एलएफटी, केएफटी, सीबीसी और एक्स-रे समेत विभिन्न जांचें निःशुल्क कीं। जांच के बाद चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक परामर्श दिया और जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया।
शिविर में डॉ. भास्कर पचौली और डॉ. प्रीति आर्या समेत स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक व कर्मचारी मौजूद रहे। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सीएस टोलिया, बैंणी सेना के प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज नेगी, एसबीएम टीम के मनीष पांडे और पीएमयू टीम के पंकज द्विवेदी ने भी सहभागिता की।
शिविर के माध्यम से स्वच्छता के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।






