हल्द्वानी। संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक में कुमाऊं मंडल में परिवहन सुविधाओं के विस्तार को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। मंडलायुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में जसपुर-टनकपुर के बीच उत्तराखंड परिवहन की बसों के संचालन को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
इसके अलावा जसपुर-फाटो रेंज में 10 जिप्सियों तथा वन विभाग की पूर्व लिखित सहमति के आधार पर जिम कॉर्बेट क्षेत्र में 8 जिप्सियों के संचालन की अनुमति दी गई। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप 24 महिला जिप्सी संचालकों को अनुमति दिए जाने पर भी सहमति बनी।
मंडलायुक्त ने परमिट प्रक्रिया को पारदर्शी और सरल बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि पर्यटन क्षेत्रों में परिवहन सुविधाओं के विस्तार के लिए वन विभाग से वर्तमान जिप्सियों और पर्यटकों की संख्या के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट ली जाए। निर्धारित रूट से अलग वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।






