हल्द्वानी। शहर के नवाबी रोड क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, यहां पति की मृत्यु के वियोग में कुछ घंटे बाद ही पत्नी ने भी अपने प्राण त्याग दिए। घटना को जिसने भी सुना वह इस वक्त रह गया।
नवाबी रोड महेशनगर निवासी हरिशंकर अग्रवाल का शुक्रवार को निधन हो गया। पति का साथ छूटने का सदमा पत्नी कुसुम (80) बर्दाश्त नहीं कर सकीं और पति की मृत्यु के कुछ घंटे बाद ही उन्होंने घर में रखा विषाक्त खा लिया। जब परिजनों को उनके द्वारा विषाक्त खाए जाने का पता चला तो उन्हें तुरंत निजी चिकित्सालय ले जाया गया जहां इलाज के दौरान देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को ही कुसुम के पति का निधन हुआ था। महिला का एक बेटा है जो दुकान चलाता है। कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने दोनों की अंत्येष्टि एक साथ की।





