हल्द्वानी। राजकीय महाविद्यालय ओखलकांडा में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के प्रवेश के अवसर पर छात्र हितों एवं महाविद्यालय की लंबित मांगों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक वर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष हेमा बिष्ट के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें वर्तमान एवं पूर्व छात्रसंघ पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
बैठक में महाविद्यालय की विभिन्न समस्याओं एवं लंबे समय से लंबित छात्रहित संबंधी मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान दूरभाष के माध्यम से पूर्व विधायक दान सिंह भंडारी, ब्लॉक प्रमुख ओखलकांडा तथा कमलेश भट्ट जी से वार्ता कर महाविद्यालय की मांगों को गंभीरता से रखते हुए शीघ्र समाधान का आग्रह किया गया। सभी जनप्रतिनिधियों ने छात्र-छात्राओं की मांगों पर सकारात्मक सहयोग एवं शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि छात्रहितों से जुड़ी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो छात्रसंघ एवं समस्त छात्र-छात्राएं लोकतांत्रिक तरीके से धरना, प्रदर्शन एवं आमरण अनशन जैसे आंदोलनों के लिए बाध्य होंगे। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि आंदोलन के दौरान यदि किसी भी छात्र-छात्रा के साथ कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो उसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन एवं संबंधित जनप्रतिनिधियों की होगी।
बैठक में वर्तमान छात्रसंघ उपाध्यक्ष ममता मेहरा, छात्रसंघ विश्वविद्यालय प्रतिनिधि डोली भट्ट, छात्रसंघ अध्यक्ष हेमा बिष्ट, पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष लीला पोखरिया, पूर्व सांस्कृतिक सचिव कमल मेवाड़ी पूर्व सांस्कृतिक सचिव उमा भट्ट सहित महाविद्यालय के अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी छात्र-छात्राओं ने एकजुट होकर महाविद्यालय के विकास, छात्रहितों की रक्षा तथा लंबित मांगों को पूरा कराने के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।






