हल्द्वानी। शहर के बेस अस्पताल की इमरजेंसी में दबंगों द्वारा मारपीट और अराजकता किए जाने का CCTV वीडियो वायरल हुआ है। मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को वेलेजली लॉज और राजपुरा क्षेत्र के युवकों के बीच ठंडी सड़क पर किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस हिंसक मारपीट में कई युवक घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए सोबन सिंह जीना (बेस) अस्पताल लाया गया, लेकिन कुछ देर बाद अस्पताल की इमरजेंसी में ही दोनों गुटों के युवक फिर से एक दूसरे से भीड़ गए। इमरजेंसी में हुई इस तरह की अराजकता से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। मारपीट के दौरान मरीजों,तीमारदारों और अस्पताल स्टाफ में दहशत फैल गई। इस पूरी घटना का वीडियो अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है। वीडियो में दबंग इमरजेंसी में घुसकर मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वही यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हो रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो और प्राप्त तहरीर के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं अस्पताल परिसर में हुई इस तरह की अराजकता से लोगों में असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो रही है। लोगों का कहना है कि जहां लोग इलाज करने पहुंचते हैं वहां पर भी अब लोग सुरक्षित नहीं है ऐसे में भला आम जनता कहां जाए। लोगों की मांग है कि अस्पताल परिसर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।






