218.04 ग्राम स्मैक बरामद, कार में सवार होकर कर रहे थे नशे की तस्करी; ट्रक ड्राइवर और दर्जी पुलिस के हत्थे चढ़े
लालकुआं। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नैनीताल पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने लालकुआं क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 218.04 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 65.40 लाख रुपये बताई गई है। आरोपियों के पास से तस्करी में प्रयुक्त अल्टो कार संख्या UP24-H-4787 भी बरामद की गई।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस टीम ने 6 अक्टूबर को लालकुआं क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग शुरू की थी। इसी दौरान सुभाष नगर बैरियर के पास एक अल्टो कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार सवार दोनों आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में स्मैक बरामद होने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नदीम खान उर्फ गण्ठा (36) निवासी सिरौली कला, थाना पुलभट्टा, ऊधमसिंह नगर तथा मो. शफीक उर्फ शफी (51) निवासी मोहम्मदपुर, थाना बहेड़ी, बरेली के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि नदीम खान ट्रक ड्राइवर, जबकि मो. शफीक बनभूलपुरा क्षेत्र में दर्जी का काम करता है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्मैक बहेड़ी से खरीदकर लाने की बात पुलिस को बताई है। पुलिस अब स्मैक की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। मामले में कोतवाली लालकुआं में धारा 8/21/60/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों के पूर्व आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई में एसओजी नैनीताल और कोतवाली लालकुआं पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।






