चोरी के 3660 रुपये, तमंचा-कारतूस और वारदात में प्रयुक्त पिकअप बरामद
हरिद्वार। जटाशंकर महादेव मंदिर में दानपात्रों के ताले तोड़कर चोरी करने के मामले में खानपुर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की रकम, 315 बोर का तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त पिकअप बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर की रात जटाशंकर महादेव मंदिर में तीन दानपात्रों के ताले तोड़कर नकदी चोरी की गई थी। मामले में मंदिर के स्वामी शंकरदास की तहरीर पर खानपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की पड़ताल शुरू की।
03-04 अक्टूबर की रात चेकिंग के दौरान पुलिस ने सहीपुर तिराहे से सिकंदरपुर की ओर आ रहे टाटा इंट्रा पिकअप को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि चालक ने वाहन पुलिस टीम पर चढ़ाने का प्रयास किया और गोरधनपुर-खानपुर रोड की ओर भाग निकला। सूचना के बाद पुलिस ने पीछा किया। धर्मपुर श्मशान घाट के पास खुद को घिरा देखकर आरोपी वाहन छोड़कर गन्ने के खेतों में भाग गया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी आरिफ पुत्र खलील (34), निवासी टोड़ा जलालपुर, कोतवाली सिविल लाइन रुड़की के बाएं पैर में गोली लगी। उसे तत्काल उपचार के लिए सीएचसी लक्सर और बाद में रुड़की भेजा गया। उपचार के बाद उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पिकअप की सीट के नीचे से मंदिर से चोरी किए गए 3660 रुपये और ताला तोड़ने में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद की। पुलिस के मुताबिक आरोपी का हरिद्वार के अलावा उत्तर प्रदेश के सहारनपुर और मुजफ्फरनगर क्षेत्र में भी आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ चोरी और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुठभेड़ के संबंध में भी धारा 109(1) बीएनएस और 3/25(1बी)(ए) आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।






