प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत लाभार्थियों को एक-एक लाख रुपये की मदद, मेयर ने ऑनलाइन हस्तांतरित कराई धनराशि
हल्द्वानी, 30 अक्टूबर। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र के 182 लाभार्थियों के बैंक खातों में दूसरी किश्त के रूप में एक-एक लाख रुपये की धनराशि ऑनलाइन हस्तांतरित की गई। इससे शहरी गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को अपने पक्के मकान का निर्माण आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह धनराशि सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी गई।
मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने बताया कि योजना के तहत जिन पात्र लाभार्थियों ने पहली किश्त की धनराशि का निर्धारित मानकों के अनुसार सदुपयोग किया है, उन्हें निर्माण कार्य आगे बढ़ाने के लिए दूसरी किश्त जारी की गई है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है, ताकि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को भी पक्के घर की सुविधा मिल सके।
बिचौलियों की भूमिका खत्म, सीधे खातों में पहुंच रही रकम
मेयर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सहायता राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जा रही है। इसमें बिचौलियों या स्थानीय निकायों के माध्यम से धनराशि वितरित करने की व्यवस्था नहीं है। इससे पारदर्शिता सुनिश्चित होने के साथ पात्र लोगों तक सरकारी सहायता पहुंच रही है।
उन्होंने लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि दूसरी किश्त मिलने से आवास निर्माण में तेजी आएगी और जल्द ही उनके पक्के घर का सपना साकार होगा। उन्होंने लाभार्थियों से निर्धारित मानकों के अनुरूप धनराशि का उपयोग करने और तय समय में निर्माण कार्य पूरा करने की अपील भी की।
कार्यक्रम में सामाजिक विकास अधिकारी सुरेश अधिकारी, सहायक अभियंता नवल नौटियाल, पार्षद सचिन, रवि जोशी सहित योजना के लाभार्थी मौजूद रहे।






