काशीपुर। प्रतापपुर क्षेत्र में 17 अगस्त की सुबह धान के खेत में मिली स्विफ्ट कार में युवक का शव मिलने के मामले का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर दिया। प्रारंभ में घटना सड़क हादसा प्रतीत हो रही थी, लेकिन पोस्टमार्टम और पुलिस की जांच में युवक की हत्या किए जाने की बात सामने आई। मामले में मृतक की पत्नी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि हत्या में शामिल दो अन्य आरोपितों के नाबालिग होने की पुष्टि होने पर उनके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
मृतक की पहचान संजीव कुमार (24) पुत्र सोमपाल सिंह, निवासी बाजावाला, ढकिया नंबर-1, कुंडेश्वरी, काशीपुर के रूप में हुई। घटनास्थल पर कार की स्थिति दुर्घटना की ओर इशारा कर रही थी, लेकिन पंचायतनामा के दौरान पुलिस को संजीव के गले पर चोट के संदिग्ध निशान मिले। इसके बाद चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक की पत्नी निशा की तहरीर पर कोतवाली काशीपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीमें गठित कर मामले की जांच की गई। जांच के दौरान मृतक की पत्नी निशा से पूछताछ की गई। उसके बयानों का मोबाइल सीडीआर, लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों से मिलान करने पर विरोधाभास सामने आए। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच हत्या के कोण से आगे बढ़ाई।
पुलिस के अनुसार, संजीव की ग्राम थारी, रामनगर में टेंट की दुकान थी। शिवम सैनी और कर्मजीत सिंह वहां हेल्पर के रूप में काम करते थे। इसी वजह से शिवम का संजीव के घर आना-जाना था। जांच में शिवम और निशा के बीच प्रेम प्रसंग की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक दोनों ने संजीव को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और इसमें कर्मजीत को भी शामिल कर लिया।
16 अगस्त को शिवम के जन्मदिन के बहाने संजीव को उसकी कार से रामनगर ले जाया गया। वापसी के दौरान राजपुर रोड, थारी के पास कार में पीछे बैठे कर्मजीत ने 12 बोर के तमंचे से संजीव की गर्दन में गोली मार दी। गोली लगने के बाद कार अनियंत्रित होकर खेत में जा गिरी। इसके बाद दोनों उसे कार में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद शिवम ने फोन कर निशा को हत्या की जानकारी दी।
पुलिस ने 19 अगस्त को दोनों को कुंडेश्वरी क्षेत्र स्थित मालवा फार्म पुलिया के पास पकड़ लिया। उनकी निशानदेही पर 12 बोर का तमंचा, तीन खोखे, पांच जिंदा कारतूस और रक्तरंजित कपड़े बरामद किए गए। बाद में दोनों के शैक्षिक प्रमाणपत्रों की जांच में उनके नाबालिग होने की पुष्टि हुई।
पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी निशा की भूमिका भी हत्या की साजिश में सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में विवेचना जारी है।






