बागेश्वर। जिले के कपकोट क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आ रही है। यहां शिवालय मंदिर के निकट पैर फिसलने से सात वर्षीय मासूम सरयू नदी के तेज बहाव में बह गया। इस घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस और एसडीआरएफ नदी में बच्चे तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार लाहुर गांव निवासी सात वर्षीय मासूम राकेश अपनी मां कमला देवी के साथ सरयू नदी से पानी भरने गया था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने पर वह नदी के तेज बहाव में जा गिरा। देखते ही देखते बच्चा नदी की धारा में बह गया। घटना से परिजनों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
स्थानीय युवकों ने बच्चों को बचाने के लिए तुरंत नदी में छलांग लगा दी लेकिन नदी के बैग के आगे वह बेबस हो गए।
सूचना पर पुलिस प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। राकेश कक्षा दो का छात्र था, उसके पिता नारायण सिंह एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं।
बचाव दल लगातार बच्चे की तलाश में जुटा हुआ है। खबर लिखे जाने तक बच्चे का कुछ भी पता नहीं चल सका था।






