‘हैलो हल्द्वानी’ 91.2 एफएम की पहल, हर रविवार शाम 7:30 बजे होगा प्रसारण
हल्द्वानी। उत्तराखंड की लोकभाषाओं को बढ़ावा देने के लिए उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो ‘हैलो हल्द्वानी’ 91.2 एफएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का प्रसारण गढ़वाली भाषा में भी शुरू कर दिया है। इससे पहले रेडियो पर इस कार्यक्रम का कुमाऊनी भाषा में प्रसारण किया जा रहा था।
रविवार को ‘मन की बात’ के नवीनतम एपिसोड का पहली बार गढ़वाली भाषा में प्रसारण किया गया। अब प्रत्येक रविवार शाम सात बजे कुमाऊनी और 7:30 बजे गढ़वाली भाषा में कार्यक्रम सुना जा सकेगा। इसके लिए मूल कार्यक्रम की स्क्रिप्ट का दोनों भाषाओं में अनुवाद कर विश्वविद्यालय के रेडियो उद्घोषकों और शिक्षकों की मदद से रिकॉर्डिंग की जाती है।
विश्वविद्यालय के रेडियो प्रभारी प्रो. राकेश चन्द्र रयाल ने बताया कि कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी के मार्गदर्शन में यह पहल शुरू की गई है। रेडियो के ऐप के माध्यम से देश-विदेश में रहने वाले प्रवासी उत्तराखंडी भी कार्यक्रम सुन सकेंगे। उन्होंने बताया कि रेडियो की पहुंच बढ़ाने के लिए पॉडकास्ट भी शुरू किए गए हैं, जिनके माध्यम से शिक्षा, संस्कृति, सामाजिक सरोकारों और समसामयिक विषयों पर उपयोगी सामग्री प्रसारित की जाएगी।
यह पहल उत्तराखंड की लोकभाषाओं के संरक्षण के साथ नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में भी मददगार होगी।






