हल्द्वानी। एमबी इंटर कॉलेज मैदान में 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला-2026 आयोजित किया जाएगा। मेले की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे की अध्यक्षता में कोऑपरेटिव बैंक सभागार में बैठक हुई।
सीडीओ ने बताया कि मेले में उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों के स्वयं सहायता समूहों और व्यापारियों की ओर से कुल 250 स्टॉल लगाए जाएंगे। स्टॉल का आवंटन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगा। कमर्शियल स्टॉल की दर 30 हजार रुपये निर्धारित की गई है। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों से जल्द पंजीकरण कराने की अपील की।
उन्होंने अधिकारियों को मेले में सुरक्षा, चिकित्सा, विद्युत, आवास, परिवहन, खानपान और प्रचार-प्रसार सहित सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। सीडीओ ने कहा कि सरस मेला स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और महिला स्वयं सहायता समूहों को विपणन का बेहतर मंच उपलब्ध कराएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से मेले का शुभारंभ करने का अनुरोध भी किया।
बैठक में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना निदेशक चन्दा फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





