हल्द्वानी। बागेश्वर के मंडलसेरा निवासी 65 वर्षीय प्रेम गिरी की पीएसपी हॉस्पिटल में उपचार के दौरान मौत प्रकरण में जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल ने जांच के आदेश दिए हैं। आदेश के क्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशा०), नैनीताल,विवेक राय ने बताया कि मृतक के परिजनों द्वारा अस्पताल पर लगाए गए आरोपों के दृष्टिगत मामले की निष्पक्ष जाँच हेतु जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल के निर्देशानुसार संयुक्त जाँच समिति का गठन किया गया है। समिति में नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी हल्द्वानी एवं मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल द्वारा नामित हृदय रोग विशेषज्ञ को सदस्य बनाया गया है।
बताया कि उक्त गठित समिति द्वारा मृतक के उपचार, ऑपरेशन एवं चिकित्सीय प्रबंधन से संबंधित समस्त अभिलेखों का परीक्षण,उपचार के दौरान अपनाई गई चिकित्सीय प्रक्रिया एवं मानकों का परीक्षण, परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जाँच कर तथ्यों का सत्यापन करना अस्पताल प्रबंधन द्वारा प्रचलित नियमों, मानकों एवं वैधानिक प्राविधानों के अनुपालन की समीक्षा करना शामिल रहेगा। मामले में यदि किसी स्तर पर लापरवाही अथवा अनियमितता परिलक्षित हो तो उसके संबंध में स्पष्ट आख्या एवं उत्तरदायित्व निर्धारित करना। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु आवश्यक सुझाव एवं संस्तुतियां प्रस्तुत करना है।
अपर जिलाधिकारी ने आम जन से अपील की है कि उक्त घटना के संबंध में वह किसी भी प्रकार की जानकारी रखने हैं तो वह व्यक्ति सूचना प्रकाशन के 07 दिवस के अन्दर अपना मौखिक या लिखित बयान,अभिकथन अथवा उक्त के संबंध में कोई साक्ष्य हों, तो किसी भी कार्य दिवस को गठित जांच समिति के किसी भी अधिकारी के कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं अथवा पंजीकृत डाक से प्रेषित कर सकते हैं।




