मुक्त विश्वविद्यालय में नवप्रवेशित शिक्षार्थियों को दी अध्ययन व्यवस्था की जानकारी

हल्द्वानी। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के हल्द्वानी स्थित मॉडल अध्ययन केंद्र (16000) में शनिवार को जुलाई 2026 सत्र के नवप्रवेशित शिक्षार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा प्रणाली और उपलब्ध सुविधाओं से परिचित कराना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने शिक्षार्थियों से विश्वविद्यालय के उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम लाभ उठाने और नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन तथा अनुशासन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा उन लोगों के लिए उच्च शिक्षा प्राप्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम है, जो विभिन्न व्यक्तिगत और व्यावसायिक परिस्थितियों के बीच अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहते हैं।

कार्यक्रम में प्रो. गिरिजा पांडे ने मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा की अवधारणा और महत्व पर प्रकाश डालते हुए शिक्षार्थियों को विश्वविद्यालय की सूचनाओं से नियमित रूप से जुड़े रहने की सलाह दी। प्रो. जीतेन्द्र पांडे ने स्व-अध्ययन, नियमितता और समयबद्धता के महत्व को समझाया, जबकि प्रो. एम.एम. जोशी ने शिक्षार्थियों को अध्ययन केंद्रों की भूमिका और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी।

डॉ. सुमित प्रसाद ने प्रवेश प्रक्रिया, आधिकारिक वेबसाइट और स्टूडेंट वन व्यू पोर्टल के उपयोग की जानकारी दी। डॉ. दीपांकुर जोशी ने अध्ययन सामग्री के वितरण की प्रक्रिया समझाते हुए शिक्षार्थियों से अपने संपर्क विवरण अद्यतन रखने का आग्रह किया। वहीं, प्रो. आशुतोष भट्ट ने असाइनमेंट, परीक्षा आवेदन, बैक परीक्षा और अंक सुधार परीक्षा से संबंधित जानकारी दी। डॉ. राजेश मठपाल ने प्रायोगिक कार्यों और कार्यशालाओं की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव खेमराज भट्ट ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पुस्तक मेले का आयोजन भी किया गया। विश्वविद्यालय की ओर से बताया गया कि नवप्रवेशित शिक्षार्थियों को शैक्षणिक व्यवस्था और अध्ययन संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में अन्य अध्ययन केंद्रों पर भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

  • Related Posts

    हादसे में घायल युवक के लिए मददगार बने एसपी सिटी हरबंस सिंह, तत्काल पहुंचाया अस्पताल..

    हल्द्वानी। कालाढूंगी में बर पुल के पास कोटाबाग रोड पर सोमवार दोपहर बाइक और स्कूटी की टक्कर में 21 वर्षीय युवक मोहम्मद फैज गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे…

    बनभूलपुरा में सट्टे की खाईबाड़ी करते एक गिरफ्तार, ₹9,190 बरामद

    हल्द्वानी। बनभूलपुरा पुलिस ने सट्टे की खाईबाड़ी करते एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से सट्टा पर्ची, गत्ता, पेन और ₹9,190 की नकदी बरामद की है।पुलिस…