साइबर टिपलाइन की 11 शिकायतों पर कार्रवाई, नाबालिग से यौन शोषण का मामला दर्ज…

हल्द्वानी में डिजिटल उपकरणों की जांच में आपत्तिजनक सामग्री मिली, आरोपी भी घटना के समय था नाबालिग

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने साइबर टिपलाइन से मिली 11 शिकायतों के आधार पर बाल यौन शोषण से जुड़े मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर कोतवाली हल्द्वानी में अज्ञात के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की विवेचना काठगोदाम के प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान को सौंपी गई।
पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान आरोपी की पहचान कर घटना से जुड़े दो मोबाइल फोन, एक टैबलेट, एक लैपटॉप और एक खाली मोबाइल बॉक्स बरामद किया गया। डिजिटल उपकरणों की जांच में बाल यौन शोषण से संबंधित आपत्तिजनक फोटो-वीडियो और अश्लील सामग्री की सर्च व डाउनलोड हिस्ट्री मिली।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने पड़ोस में रहने वाले एक नाबालिग बच्चे का यौन शोषण कर उसका वीडियो बनाया और इंटरनेट पर अपलोड किया। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय पीड़ित और आरोपी दोनों नाबालिग थे। आरोप है कि आरोपी इंटरनेट के माध्यम से आपत्तिजनक सामग्री डाउनलोड कर लैपटॉप में सुरक्षित रखता था और इसी तरह की सामग्री दिखाकर बच्चे का शोषण किया।

पुलिस ने पीड़ित बच्चे और उसके परिजनों की काउंसलिंग भी कराई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील

नैनीताल पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों के मोबाइल, इंटरनेट और सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर नजर रखने तथा उनसे संवाद बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि बच्चों को ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति जागरूक करें, ताकि वे किसी भी अनुचित गतिविधि की जानकारी बिना डर के दे सकें। ऑनलाइन शोषण की आशंका होने पर www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। आपात स्थिति में 112 पर संपर्क करें।

  • Related Posts

    नौ मुकदमों में आरोपी मनीष छह माह के लिए जिला बदर

    गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत काठगोदाम पुलिस की कार्रवाई हल्द्वानी। आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए नैनीताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए काठगोदाम क्षेत्र के मनीष को छह…

    पांच गुना रॉयल्टी के विरोध में ठेकेदारों ने मांगी भीख, जुटाए 675 रुपये

    बुद्ध पार्क में सांकेतिक धरना, बोले—अधिकारियों के बजाय जनता से सीधे संवाद करें मुख्यमंत्री हल्द्वानी। रॉयल्टी पांच गुना बढ़ाए जाने के विरोध में राजकीय ठेकेदारों ने सोमवार को बुद्ध पार्क…