देहरादून। राजधानी में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब तिब्बती मार्केट के पास एक कारोबारी को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को दून अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है। कोतवाली डालनवाला को सुबह करीब 10:30 बजे घटना की सूचना मिली। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का निरीक्षण कर अधीनस्थ अधिकारियों से जानकारी ली।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कूटी सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक के पारिवारिक व्यवसाय को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते उनकी माता द्वारा उच्च न्यायालय से अपने ही पुत्र से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग किए जाने की बात भी जांच में प्रकाश में आई है। पुलिस इस पहलू को भी गंभीरता से खंगाल रही है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं। पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि घटना के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाळएगा।











