हल्द्वानी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हल्द्वानी में वर्कशॉप लाइन और ठंडी सड़क पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्यवाई की गई। नगर निगम और प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से चलाए गए इस अभियान के दौरान अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान वर्कशॉप लाइन में फुटपाथ पर खड़े छह ठेलों को जप्त किया गया वहीं कई अतिक्रमणकारियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 15 हजार जुर्माना वसूला गया।
इस दौरान कुछ लोगों द्वारा नाली के ऊपर पक्का निर्माण किया गया था जिसे मौके पर मौजूद सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त पारितोष वर्मा के निर्देश के बाद तुरंत ध्वस्त किया गया। ठण्डी सड़क पर भी फुटपाथ पर बनी गई सीढ़ियों को जेसीबी से तोड़ दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से फुटपाथ और सड़क पर अतिक्रमण न किए जाने की अपील की है।





