रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले में शराब की दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के मुख्य षड्यंत्रकारी को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बलेनो कार और करीब चार हजार रुपये की नकदी बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर की रात गैंग ने सितारगंज, पुलभट्टा, किच्छा, ट्रांजिट कैंप और रुद्रपुर क्षेत्र में शराब के ठेकों के ताले तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर सभी घटनाओं में एक ही बलेनो कार का इस्तेमाल सामने आया। जांच में हल्द्वानी में भी इसी गैंग द्वारा चोरी किए जाने की जानकारी मिली।
एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर गाजियाबाद निवासी खुश मोहम्मद उर्फ खुशी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी में इस्तेमाल बलेनो कार भी बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने अपने भाई आस मोहम्मद उर्फ आंसू और उसके दो साथियों कार्तिक शर्मा व अतुल त्यागी के भी वारदात में शामिल होने की बात बताई है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।





