15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म की घटना के बाद प्रशासन की कार्रवाई, पुलिस फोर्स की मौजूदगी में हुई ध्वस्तीकरण की कार्रवाई
हल्द्वानी। मुखानी कोतवाली क्षेत्र स्थित होटल त्रिशूल पर मंगलवार को प्रशासन का बुलडोजर चला। प्रशासन के निर्देश पर होटल के रसोईघर और स्टोर के हिस्से को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात रही।
गौरतलब है कि इसी होटल में कुछ दिन पूर्व 15 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म की वारदात हुई थी। मामले में आईटीआई गैंग का सक्रिय सदस्य और एबीवीपी से छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद का प्रत्याशी रह चुका धीरज बिष्ट मुख्य आरोपी है। उसके तीन अन्य साथियों पर भी इस वारदात में संलिप्त होने के आरोप हैं।
घटना के बाद से ही होटल चर्चा में था। मंगलवार को प्रशासन की टीम बुलडोजर लेकर होटल पहुंची और रसोईघर व स्टोर के हिस्से को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण किया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई को दुष्कर्म की घटना से जुड़े होटल पर बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।





