अंग्रेजी शराब की दुकान के सामने बाइक सवार तीन बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम, रंजिश के चलते हत्या की आशंका
रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर जिले की सीमा से सटे उत्तर प्रदेश के बिलासपुर क्षेत्र के ग्राम डिबडिबा में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान संदीप सिंह चौहान उर्फ सनी उर्फ सनिया (30) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार संदीप अपनी बेटी की दवाई लेकर पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान अंग्रेजी शराब की दुकान के सामने बाइक सवार तीन लोगों ने उसे घेर लिया और गोली मार दी। गोली लगने से संदीप की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही सीओ, कोतवाल और रुद्र-बिलास चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सीएचसी पहुंचाया, जहां से पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
मृतक की पत्नी शिवानी के अनुसार संदीप की कुछ लोगों से पुरानी रंजिश चल रही थी। उन्हें आशंका है कि इसी रंजिश के चलते संदीप की हत्या की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्यारों तक पहुंचने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।






