कालसी के कचटा गांव में वारदात से मचा हड़कंप, परिजनों के सामने पत्नी पर किया हमला; आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
कालसी (देहरादून)। उत्तराखंड के देहरादून जिले की कालसी तहसील के कचटा गांव में घरेलू विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। कहासुनी के बाद एक पति ने अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मचा है और परिवार के लोग दहशत में हैं।
जानकारी के मुताबिक, कचटा निवासी 25 वर्षीय मनोज की शादी करीब पांच साल पहले 23 वर्षीय नीलम से हुई थी। बताया जाता है कि शुरुआत में दोनों के बीच सब कुछ सामान्य था, लेकिन समय के साथ उनके रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा और अक्सर विवाद होने लगे। बुधवार को भी किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसा तक पहुंच गया।
आरोप है कि गुस्से में मनोज ने घर में रखे धारदार हथियार पाटल (दराती) से नीलम पर हमला कर दिया। उसकी आवाज सुनकर परिजन और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उन्हें धमकाकर वहां से जाने को कहा। इसके बाद उसने नीलम पर फिर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के चलते नीलम की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी पत्नी के शव को आंगन में छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और राजस्व टीम
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम गांव पहुंची। एसडीएम कालसी प्रेम लाल के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस फरार आरोपी मनोज की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। घटना के पीछे घरेलू विवाद की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव में इस वारदात के बाद से शोक और दहशत का माहौल है।






