50 से 55 फीसदी लाइन लॉस वाले फीडर निशाने पर, सात टीमों ने एक साथ की छापेमारी
मीटर सीज, घरों के बाहर लगेंगे मीटर; स्मार्ट और आर्मर्ड केबल से बिजली चोरी पर कसेंगे शिकंजा
हल्द्वानी। बनभूलपुरा में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने सोमवार तड़के पांच बजे से बड़ा अभियान चलाकर खलबली मचा दी। किदवई नगर, इंदिरा नगर, गांधीनगर, नई बस्ती और आजाद नगर समेत चिह्नित इलाकों में सात टीमों ने एक साथ छापेमारी की। विभाग के मुताबिक, जांच के दौरान बिजली की लाइन पर कटिया डालकर इस्तेमाल करने और मीटरों से छेड़छाड़ के मामले सामने आए। कार्रवाई के दौरान करीब 108 एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई, जबकि संबंधित मीटर सीज किए गए।
कुमाऊं जोन के मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी ने बताया कि विभाग पिछले एक महीने से अधिक लाइन लॉस वाले क्षेत्रों की निगरानी कर रहा था। जांच में बनभूलपुरा के कुछ फीडरों पर लाइन लॉस 50 से 55 प्रतिशत तक मिला। इसके बाद चिह्नित क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग अभियान की रणनीति तैयार की गई। कार्रवाई में अधिशासी अभियंता, एसडीओ, एई और जेई के साथ विभागीय विजिलेंस तथा पुलिस की टीमें शामिल रहीं। अधिकारियों के अनुसार, अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
मीटर सीज, अब स्मार्ट मीटर से होगी निगरानी
बिजली चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विभाग अब तकनीकी स्तर पर भी शिकंजा कसने की तैयारी में है। मुख्य अभियंता के मुताबिक, घरों के भीतर लगे बिजली मीटरों को बाहर शिफ्ट किया जाएगा। सामान्य केबल की जगह आर्मर्ड केबल लगाने के साथ ही क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने का काम भी शुरू किया जाएगा। विभाग का मानना है कि इन कदमों से बिजली चोरी की गुंजाइश कम होगी और बिजली खपत की निगरानी अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी।
कर्मचारियों की शिकायतें भी जांच के दायरे में
मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य बिजली चोरी रोकने के साथ नियमित रूप से बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि बिजली कनेक्शन दिलाने या बिल जमा कराने के नाम पर कोई व्यक्ति पैसे मांगता है तो इसकी शिकायत पुलिस से करें। निरीक्षण के दौरान विभागीय कर्मचारियों से संबंधित कुछ शिकायतें भी सामने आई हैं। इनकी जांच कर आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान विद्युत विभाग के अधिकारी रवि कुमार राजोरा, अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार, बनभूलपुरा कोतवाली प्रभारी दिनेश फर्त्याल समेत विभागीय विजिलेंस टीम और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।






