
पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर गांव वापस लौट रहे अंकिता भंडारी के माता-पिता व वाहन चालक भालू के हमले से बाल-बाल बचे।
अंकिता भंडारी के माता-पिता को जिला प्रशासन पौड़ी बीते सात जनवरी को मुख्यमंत्री धामी से मुलाकात करवाने के लिए देहरादून लेकर गया था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलकर ये सभी लोग बीते आठ जनवरी को गांव लौट रहे थे।
अंकिता के पिता वीरेंद्र भंडारी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात के बाद वे गुरुवार को गांव लौट रहे थे। गांव के समीप डोभ-श्रीकोट में पत्नी सोनी देवी की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद वह उल्टी करने के लिए वाहन से बाहर उतरीं। उनके साथ वीरेंद्र भंडारी और वाहन चालक भी उतरे।
उन्होंने बताया, ” मेरी पत्नी जब उल्टी कर ही रही थी। इसी दौरान एक भालू अचानक हमारी ओर बढ़ने लगा। जिसे देखकर सभी डर गए और तेजी से हम तीनों वाहन में बैठ गए। चालक ने वाहन को गांव की ओर दौड़ाया, जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।”











