नैनीताल। तल्लीताल फांसी गदेरा क्षेत्र में उस समय अफरा – तफरी मच गई जब एक तेज रफ्तार वाहन ने राह चलते तीन मजदूरों को रौंद डाला। हादसे के बाद चालक वाहन को सड़क पर छोड़कर अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बृहस्पतिवार की सुबह हरिनगर निवासी बिहारी लाल,राजेश और पप्पू पेंटिंग का काम करने राजभवन मार्ग स्थित आर्मी गेस्ट हाउस की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चढ़ाई पर तेज गति से आ रही कार ने तीनों को चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद भी चालक नहीं रुका और वाहन आगे बढ़ता रहा, जिससे तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
चीख-पुकार सुन आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे, तब तक कार चालक कार को सड़क पर छोड़कर अपने साथी के साथ फरार हो गया। लोगों ने किसी तरह वहां के नीचे दबे घायलों को निकालकर बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया,जहां बिहारी लाल की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है।
सीओ रविकांत सेमवाल ने बताया कि हादसे में प्रयुक्त वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। प्रारंभिक जानकारी में वाहन चालक के पुलिसकर्मी होने की बात सामने आ रही है। चालक और उसके साथी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।











