त्योहारों से पहले पशुपालकों को 42.46 लाख का बोनस, छह दुग्ध समितियों में बंटी धनराशि…

66 करोड़ रुपये के दूध कारोबार पर मिला बोनस, उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादकों को किया गया सम्मानित

लालकुआं। आगामी त्योहारों से पहले नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने बिंदुखत्ता क्षेत्र के पशुपालकों को बड़ी सौगात दी है। संघ की ओर से क्षेत्र की छह दुग्ध समितियों में 42 लाख 46 हजार रुपये का बोनस वितरित किया गया। करीब 66 करोड़ रुपये की दुग्ध खरीद के सापेक्ष बोनस की धनराशि मिलने से पशुपालकों के चेहरों पर खुशी छा गई। बोनस वितरण कार्यक्रम संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
इस दौरान अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध उत्पादक ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनकी मेहनत और समर्पण से ही दुग्ध संघ की गतिविधियां आगे बढ़ रही हैं। संघ हमेशा उत्पादकों के हितों को प्राथमिकता देता आया है। बोनस वितरण उनकी मेहनत का सम्मान करने के साथ ही उन्हें दुग्ध उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों को मजबूत बनाने और पशुपालकों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के लिए संघ लगातार प्रयास कर रहा है।
कार्यक्रम में बिंदुखत्ता क्षेत्र की रावत नगर समिति को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय, खुरियाखत्ता समिति को तृतीय तथा चित्रकूट और तिवारी नगर समितियों को प्रथम स्थान प्राप्त करने पर बोनस वितरित किया गया। इसके साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के दुग्ध उत्पादकों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर संघ की ओर से वित्तीय वर्ष 2024-25, 2025-26 तथा एक अप्रैल से 30 अगस्त 2026 तक का समिति प्रगति विवरण भी प्रस्तुत किया गया। इसके माध्यम से दुग्ध समितियों की प्रगति, दुग्ध खरीद और अन्य गतिविधियों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, सहायक प्रबंधक (स्टोर) मोहन चंद जोशी, एफओ शांति कोरंगा, मार्ग प्रभारी राजेंद्र प्रसाद, पूरन मिश्रा, गोपाल दत्त, मोनू कुमार सहित विभिन्न दुग्ध समितियों की प्रबंध कमेटियों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष मौजूद रहे।

  • Related Posts

    बनभूलपुरा में नशा तस्करी पर पुलिस का प्रहार, 50 नशीले इंजेक्शनों के साथ 21 वर्षीय राजा गिरफ्तार…

    गोलापार्किंग के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने दबोचा आरोपी, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज हल्द्वानी। नैनीताल जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी…

    दीपावली पर बैंकों और सर्राफा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ाएगी पुलिस

    हल्द्वानी। दीपावली पर्व को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने की तैयारी तेज कर दी है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर बुधवार को मिनी पुलिस…