गोलापार्किंग के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने दबोचा आरोपी, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
हल्द्वानी। नैनीताल जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बनभूलपुरा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 नशीले इंजेक्शनों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर को गोलापार्किंग के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर शानू उर्फ राजा (21 वर्ष), निवासी गफूर बस्ती, बनभूलपुरा को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 50 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।
बरामद इंजेक्शनों में 25 बुप्रेनॉर्फिन (Buprenorphine) और 25 एविल (Avil) इंजेक्शन शामिल हैं। पुलिस ने बरामदगी के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कोतवाली बनभूलपुरा में मुकदमा अपराध संख्या 189/26, धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों पर लगातार शिकंजा कस रही है। इस कार्रवाई को नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में पुलिस की एक और बड़ी सफलता माना जा रहा है।






