विवाद सुलझाने के बहाने घर बुलाकर की गई थी हत्या, .315 बोर का तमंचा बरामद
हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस ने भगवानपुर में हुए आदित्य उर्फ आदि राणा हत्याकांड का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीनों नामजद आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त .315 बोर का तमंचा और खोखा कारतूस भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, एक अक्तूबर को सागर पुत्र रविंद्र राणा निवासी भगवानपुर ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अनिल शर्मा, उसके बेटे राहुल शर्मा और रोहित शर्मा उर्फ लक्की ने आदित्य को अपने घर बुलाकर देशी तमंचे से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। मामले में कोतवाली भगवानपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना में सामने आया कि आदित्य का आरोपियों से विवाद चल रहा था। विवाद सुलझाने के बहाने आरोपियों ने उसे घर बुलाया, जहां कथित तौर पर एकराय होकर वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस ने चार टीमों का गठन किया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा संभावित मार्गों पर निगरानी के साथ मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को शनिवार को इमली रोड टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। बरामद तमंचे और खोखा कारतूस को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।






