हल्द्वानी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को हल्द्वानी-नैनीताल रोड स्थित शहीद पार्क में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए गए। इसके साथ ही शहर के विभिन्न स्थानों पर भी कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने दीप प्रज्वलित किए।
नगर निगम, जिलाधिकारी कैंप कार्यालय, विभिन्न पार्कों और प्रमुख चौराहों समेत कालाढूंगी चौराहा, तिकोनिया चौराहा, को-ऑपरेटिव बैंक चौराहा, पीलीकोठी चौराहा, मुखानी चौराहा और कठघरिया चौराहे पर दीप जलाए गए। कार्यक्रम के दौरान रक्तदान शिविरों और स्वच्छता अभियान समेत विभिन्न सेवा कार्य भी संचालित किए गए।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान
जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत प्रत्येक विकासखंड में शिविर आयोजित कर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में महापौर गजराज बिष्ट, सचिव प्राधिकरण मनीष कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट, वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर टोलिया, सीएमओ डॉ. एमपी पंत, मुख्य सफाई निरीक्षक अमोल असवाल, सफाई निरीक्षक कार्तिक, शुभम, दीपक सहित गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।






