हरिद्वार। झबरेड़ा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक वीरेंद्र जाति का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इसमें वह बिजली विभाग के अफसरों के आवासों की बिजली की लाइन को खुद ही खंभे पर चढ़कर प्लास से काटते नजर आ रहे हैं।
दरअसल, ग्रामीण इलाकों में लगातार कई दिनों से सवेरे हो रही बिजली कटौती के चलते विधायक नाराज चल रहे हैं। विधायक ने मीडिया से बातचीत में बताया कि करीब 15-20 दिन पहले उन्होंने बिजली विभाग के एसई यानी सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर से मुलाकात कर सुबह-सवेरे बिजली कटौती होने से लोगों को होने वाली परेशानी के बारे में बताया था। विधायक के मुताबिक, उन्होंने एसई से बिजली की किल्लत होने पर सुबह के बजाय दोपहर में कटौती करने का अनुरोध किया था और इसे लेकर चेतावनी दी थी। उन्होंने बताया कि शिकायत के बाद दो-चार दिन तो हालात ठीक रहे लेकिन फिर जस की तस स्थिति बनी हुई है। विधायक ने बताया कि कल उनके इलाके में 12 घंटे बिजली काटी गई थी। उन्होंने कहा कि अफसरों के घरों की बिजली काटने का उद्देश्य उन्हें आम आदमी के दर्द से वाकिफ कराना है। जाति ने कहा कि अगर अब भी व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो बिजली विभाग की पूरी कॉलोनी की बिजली लाइन काटी जाएगी।











