हल्द्वानी:- कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने किया हेलीपैड और ट्रेंचिंग ग्राउंड का निरीक्षण, व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने के निर्देश……

Spread the News

हल्द्वानी। आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने सोमवार को गौलापार स्थित हैलीपैड एवं ट्रेंचिंग ग्राउंड का निरीक्षण किया। हैलीपैड के निरीक्षण के दौरान संचालन से जुड़े लोगों ने आयुक्त को बताया कि हैलीपैड के आसपास पक्षियों की अधिक आवाजाही और आसपास की विद्युत लाइनों पर पेड़ों की शाखाएँ ढकी रहने से फ्लाइंग हैज़र्ड की स्थिति बन सकती है। जिस पर आयुक्त ने तुरंत अधीक्षण अभियंता, यूपीसीएल को 24 घंटे के भीतर विद्युत लाइनों के समीप पेड़ों की कटाई-छंटाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने हैलीपैड परिसर में अग्निशमन विभाग के कार्मिकों के बैठने की लिए उचित व्यवस्था किए जाने के भी निर्देश दिए। आयुक्त ने बताया कि हैलीपैड के समीप पक्षियों की गतिविधि बढ़ने का प्रमुख कारण नगर निगम के ट्रेंचिंग ग्राउंड तथा हल्द्वानी की ओर कुछ स्थानों पर खुले में फेंका जा रहा कूड़ा है। जिस पर रोक लगाया जाना आवश्यक है।

इसके पश्चात आयुक्त ने हल्द्वानी रेलवे लाइन और राजपुरा क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में भी कुछ लोग गौलानदी में कचरा और अन्य अपशिष्ट पदार्थ डाल रहे हैं, जिससे पक्षियों का आवागमन बढ़ रहा है और हैलीपैड संचालन में बाधा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिये कि इन क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाकर निगरानी की जाए, सार्वजनिक घोषणा के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाए, और इसके बाद नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्यवाही की जाए। साथ ही, इन क्षेत्रों में नगर निगम द्वारा नियमित सफाई अभियान चलाने के भी निर्देश दिये।

ट्रेंचिंग ग्राउंड के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा यहाँ के लेगसी वेस्ट के निस्तारण हेतु लगभग 6 करोड़ रुपये का टेंडर किया गया है, जिसकी अवधि 6 माह निर्धारित है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि अनुबंध के अनुसार दो मशीनें लगनी थीं, किंतु वर्तमान में केवल एक ही मशीन कार्यरत है। इस पर आयुक्त ने नगर निगम अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर दूसरी मशीन तत्काल लगवाने और मशीन संचालन की सूचना देने के निर्देश दिये।

आयुक्त ने यह भी कहा कि निर्धारित अवधि में लेगसी वेस्ट का पूर्ण निस्तारण किया जाए तथा जो ताजा अपशिष्ट आ रहा है, उसका भी नियमित सेग्रीगेशन और निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे हल्द्वानी शहर में लंबे समय से चली आ रही यह समस्या दूर हो सके। उन्होंने ट्रेंचिंग ग्राउंड परिसर में भी सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिये, ताकि सफाई व्यवस्था पर निगरानी रखी जा सके। साथ ही आयुक्त ने यह भी कहा कि शहर में जिन जानवरों की मृत्यु हो जाती है, उन्हें खुले में फेंकने के बजाय निर्धारित खड्डों में दफनाया जाए। उन्होंने पक्षियों की आवाजाही समाप्त करने हेतु ट्रेंचिंग ग्राउंड में ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिये।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी राहुल साह, सीओ दीपशिखा अग्रवाल, तहसीलदार कुलदीप पाण्डे, हैलीपैड संचालन टीम के रविन्द्र सिंह सहित नगर निगम, यूपीसीएल व अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

  • Related Posts

    नकली आभूषणों पर हॉलमार्क लगाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो शातिर गिरफ्तार…….

    Spread the News

    Spread the Newsचमोली। नकली ज्वैलरी पर फर्जी हॉलमार्क लगाकर लोगों को ठगने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए बिहार के 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के…

    इस दिन बदलेगा रानीखेत एक्सप्रेस का रूट….

    Spread the News

    Spread the Newsहल्द्वानी। काठगोदाम और हल्द्वानी समेत आसपास के स्टेशनों से दिल्ली, जयपुर समेत जैसलमेर रूट पर ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। भारतीय रेल…