हरिद्वार। जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में होटल संचालक के पुत्र की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है.मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए बताया कि आरोपियों ने 20 वर्षीय अनवर की हत्या फिरौती की रकम के लालच में गला दबाकर कर दी गई, और शव को गंगनहर में फेंक दिया।
जानकारी के अनुसार छह सितंबर दिन शनिवार को बेडपुर गांव निवासी अनवर होटल जाने के लिए घर से निकला , लेकिन होटल नहीं पहुंचा। शाम चार बजे से उसका मोबाइल भी बंद आने लगा,जब रात तक वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश करने के साथ ही पुलिस को सूचना दी।
देर रात अनवर के जीजा जुबैर के मोबाइल पर अनवर के ही नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने बताया कि अनवर उनके कब्जे में है, और उसे छोड़ने के एवज में 25 लाख रुपए की मांग की। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर मामले की जांच के लिए विशेष टीमें गठित की गईं।
तहकीकात के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल सबूतों के आधार पर होटल संचालक नसीर के पुराने किराएदार अमजद और उसके दोस्त फरमान उर्फ लालू को शक के आधार पर हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस द्वारा सख्ती से की गई पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यूट्यूब और टीवी पर आपराधिक शो देखकर अपहरण की योजना बनाई। उनकी योजना थी कि अनवर के बदले परिजनों से मोटी रकम मिल जाएगी, लेकिन बाद में डर से उन्होंने अनवर को अगवा करने के तुरंत बाद ही उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।
शनिवार शाम चार बजे उन्होंने अपनी दुकान पर ही अनवर की हत्या की और उसका शव प्लास्टिक के बोरे में भर शव को बाइक पर रखकर फरमान धनौरी रोड की ओर ले गया, लेकिन रास्ते में बाइक पंचर हो गई। तब अमजद ई-रिक्शा लेकर वहां पहुंचा और दोनों ने मिलकर शव को गंगनहर में सुमन नगर के पास फेंक दिया।
गंगनहर में शव फेंकने के बाद दोनों आरोपी कलियर मेले में घूमने चले गए. कुछ देर बाद अमजद ने मृतक अनवर के मोबाइल से उसके जीजा जुबैर को कॉल कर कहा, “आपका लड़का हमारे पास है, 25 लाख रुपये लेकर आओ.” अगली रात भी उसने जुबैर को दो अलग-अलग फ्लाईओवर पर बुलाने की कोशिश की लेकिन खुद वहां नहीं पहुंचा और फिर फोन बंद कर दिया.
पुलिस की टीमें गंगनहर में शव की तलाश कर रही हैं, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है. इस मामले की जांच गहराई से जारी है और आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।











