सरस मेले में महिलाओं ने रैंप पर बिखेरा हुनर, पारंपरिक परिधानों का दिखा आधुनिक अंदाज…

स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों का फैशन शो बना आकर्षण, मॉडल बनकर रैंप पर उतरीं समूह की महिलाएं

हल्द्वानी। सरस आजीविका मेला-2026 के चौथे दिन शुक्रवार को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने हुनर और आत्मविश्वास से सभी का ध्यान खींचा। समूहों द्वारा तैयार उत्पादों पर आधारित फैशन शो मेले का प्रमुख आकर्षण रहा। खास बात यह रही कि इन उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए पेशेवर मॉडलों की जगह स्वयं समूह की महिलाएं रैंप पर उतरीं और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

फैशन शो में कुमाऊंनी पारंपरिक परिधानों, पिछौड़ा, रेशमी साड़ी, ऊनी वस्त्र, ऐपण डिजाइन की साड़ी, हस्तनिर्मित आभूषण, जूट एवं मैक्रेम बैग, रिंगाल की टोकरियों और हस्तशिल्प उत्पादों को आधुनिक अंदाज में प्रस्तुत किया गया। कविता ऐड़ी ने रेशमी साड़ी, पिछौड़ा और पारंपरिक आभूषणों, प्रियंका गोस्वामी ने ऐपण डिजाइन की साड़ी, भावना मेहरा ने ऊनी फ्लावर, राधा बिष्ट ने जूट, कॉटन व मैक्रेम बैग, किरण जोशी ने पैचवर्क व रेशम उत्पाद, बचूली देवी ने रिंगाल की टोकरी, कंचन कनवाल ने हस्तनिर्मित कैंडल, मंजू विश्वकर्मा ने कोश्यारी टॉप व मफलर तथा श्रेया तिवारी और भावना ने पिछौड़ा साड़ी व हाथ से बने परिधानों का प्रदर्शन किया।

लोक संगीत और आधुनिक धुनों के बीच रैंप वॉक करती महिलाओं का आत्मविश्वास देखते ही बना। कभी घर की जिम्मेदारियों तक सीमित रहने वाली महिलाएं जब मॉडल बनकर मंच पर उतरीं तो दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया। फैशन शो का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को आधुनिक फैशन और बाजार से जोड़कर उन्हें व्यापक पहचान दिलाना रहा।

मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके कौशल, आत्मविश्वास और पहचान को मजबूत करना भी है। समूहों के उत्पाद किसी बड़े ब्रांड से कम नहीं हैं, जरूरत सिर्फ उन्हें उचित मंच और बाजार उपलब्ध कराने की है। परियोजना निदेशक शिल्पी पंत ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से समूहों के उत्पादों को नया बाजार मिलेगा और महिलाओं की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने लोगों से समूहों के उत्पाद खरीदकर महिलाओं का उत्साह बढ़ाने की अपील की।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कुमाऊंनी लोकगायक गोपाल बाबू गोस्वामी के पुत्र अमित बाबू गोस्वामी ने ‘जय मय्या दुर्गा भवानी’ और ‘कैले बाजै मुरली उचै निचै डानौ मां’ जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर समां बांधा। वहीं सेंट पॉल स्कूल के विद्यार्थियों ने गणेश वंदना, झोड़ा नृत्य और गायन की शानदार प्रस्तुति दी।

इस दौरान परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र पल्लवी गुप्ता सहित विभिन्न अधिकारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। मेले में देशभर के 250 स्टॉलों पर हस्तशिल्प, हथकरघा, पहाड़ी उत्पाद, स्थानीय व्यंजन और पारंपरिक कलाकृतियों की बिक्री एवं प्रदर्शनी जारी है।

Advertisement
  • Related Posts

    28 नवंबर को हल्द्वानी में होगा दुग्ध संघ का 77वां अधिवेशन, तैयारियों को लेकर अध्यक्ष मुकेश बोरा अलर्ट

    हल्द्वानी। दुग्ध संघ के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन को भव्य रूप से आयोजित करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार, 28 नवंबर को हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित बैंक्वेट…

    रेशमबाड़ी चाकूबाजी और हत्याकांड में दो आरोपी गिरफ्तार, चार की तलाश जारी…

    मोटरसाइकिल की चाबी निकालने को लेकर शुरू हुआ था विवाद, घर में घुसकर परिवार पर किया था हमला; लीलाधर की हुई थी मौत रुद्रपुर। रेशमबाड़ी में मोटरसाइकिल की चाबी निकालने…