सितारगंज पुलिस की दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई, 17 वर्षीय किशोरी सकुशल बरामद; शादी का झांसा देकर अश्लील वीडियो बनाने का भी आरोप
सितारगंज। ऊधमसिंहनगर जिले की सितारगंज पुलिस ने महिला अपराध और गंभीर अपराध के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक मामले में घर से लापता हुई 17 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने रुद्रपुर से सकुशल बरामद किया, जबकि दूसरे मामले में शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और अश्लील वीडियो के जरिये ब्लैकमेल करने के आरोपित को बरेली से गिरफ्तार किया गया है।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर को सितारगंज निवासी एक व्यक्ति ने अपनी 17 वर्षीय बेटी के बिना बताए घर से चले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू की। मोबाइल लोकेशन और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को फुलसुंगी, तीनपानी डैम क्षेत्र रुद्रपुर में एक युवक के मौजूद होने की जानकारी मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी पहचान सितारगंज निवासी रवि कश्यप उर्फ गोलू (18) के रूप में हुई। पूछताछ में उसने किशोरी के साथ घर से जाने और रुद्रपुर में किराये के कमरे में रहने की बात बताई। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में अपहरण समेत अन्य धाराओं और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी को 19 नवंबर की रात गिरफ्तार कर लिया गया।
वहीं, दूसरे मामले में एक युवती ने सचिन द्विवेदी के खिलाफ शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, बेहोशी की हालत में अश्लील वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया था। पीड़िता ने आरोपी पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया था। मामले में वांछित चल रहे आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस को 19 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि वह बरेली स्थित रोहिलखंड अस्पताल में है। इस पर पुलिस टीम ने दबिश देकर सचिन द्विवेदी उर्फ सचिदानन्द (20) निवासी शाहजहांपुर को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया। उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।





