बाइक सवार दंपती पर बाघ का हमला, पत्नी को जंगल में घसीटा…

रामनगर। रामनगर वन प्रभाग की कोसी रेंज के ग्रासलैंड क्षेत्र में बुधवार सुबह बाघ ने बाइक सवार दंपती पर अचानक हमला कर दिया। हमले में बाइक सवार पति-पत्नी सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद बाघ ने महिला को अपने जबड़ों में दबोच लिया और जंगल की ओर घसीटने लगा। पत्नी को बाघ के चंगुल में फंसा देख पति ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर बाघ महिला को छोड़कर जंगल में भाग गया। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। वन विभाग की टीम ने पर्यटकों की जिप्सी की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, टेड़ा निवासी 50 वर्षीय बबली देवी पत्नी दर्शन सिंह बुधवार सुबह अपने पति के साथ मवेशियों के लिए घास लेने ग्रासलैंड की ओर जा रही थीं। इसी दौरान अचानक झाड़ियों से निकले बाघ ने उनकी चलती बाइक पर हमला कर दिया। हमले से दोनों सड़क पर जा गिरे। इसके बाद बाघ ने बबली देवी को दबोच लिया और घसीटते हुए जंगल की ओर ले जाने लगा। पत्नी को बाघ के कब्जे में देख पति ने शोर मचाकर उसे भगाने का प्रयास किया। पति के लगातार शोर मचाने पर बाघ महिला को छोड़कर जंगल में ओझल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पर्यटकों की जिप्सी की मदद से घायल महिला को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भर्ती कर लिया। महिला की पीठ पर बाघ के पंजों के निशान मिले हैं।
रामनगर वन प्रभाग के डीएफओ ध्रुव मर्तोलिया ने बताया कि घायल महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटनास्थल के आसपास वन विभाग की गश्त बढ़ा दी गई है। बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए मॉनिटरिंग की जा रही है। साथ ही लोगों को घटनास्थल के आसपास अकेले नहीं जाने की हिदायत दी गई है।

Advertisement
  • Related Posts

    विधानसभा चुनाव से पहले कुमाऊं पुलिस में बड़ा फेरबदल, 29 इंस्पेक्टरों के तबादले…

    चार साल से एक ही जिले में जमे निरीक्षकों को किया गया इधर-उधर, आईजी कुमाऊं ने देर रात जारी की तबादला सूची विधानसभा चुनाव से पहले कुमाऊं पुलिस में बड़ा…

    रेलवे स्टेशन परिसर में पुलिस-आरपीएफ की सख्ती, गफूर बस्ती के लोगों में हड़कंप…

    कूड़ा-कबाड़ हटाने की दी चेतावनी, कार्रवाई के बाद सामान समेटकर ले जाने लगे लोग हल्द्वानी। बनभूलपुरा रेलवे भूमि प्रकरण की बुधवार को सुप्रीम कोर्ट होने वाली सुनवाई से पहले रेलवे…