शादी का झांसा देकर छह साल शोषण का आरोप, पीड़िता ने कोतवाली में किया आत्मदाह का प्रयास, Video…

आरोपी पर मुकदमा दर्ज न होने से भड़की पीड़िता, ठंड में परिजनों और ग्रामीणों के साथ रातभर दिया धरना; पुलिस अधिकारियों के समझाने पर भी नहीं माने प्रदर्शनकारी


देहरादून। शादी का झांसा देकर छह साल तक यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए एक युवती ने बुधवार को कालसी कोतवाली में आत्मदाह का प्रयास किया। आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज न होने से आक्रोशित युवती ने पहले कोतवाली परिसर में खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह उसे बचाया। इसके कुछ देर बाद युवती ने कोतवाली कार्यालय में मेज पर चढ़कर चुन्नी का फंदा बनाते हुए पंखे से लटकने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे नीचे उतारा। घटना से कोतवाली में अफरातफरी मच गई।


पीड़िता और उसके परिजनों के मुताबिक, क्षेत्र के ही एक युवक ने करीब छह साल पहले शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए थे। करीब साढ़े चार साल पहले युवक के परिजनों ने भी शादी के लिए सहमति जताई थी, लेकिन बाद में वे अपने वादे से मुकर गए। आरोप है कि चार नवंबर को जब युवती युवक के घर बात करने पहुंची तो वहां मौजूद युवक के परिजनों और सादे कपड़ों में एक पुलिसकर्मी ने उसके साथ मारपीट और अभद्रता की। पीड़िता ने छह नवंबर को कोतवाली में तहरीर दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से वह आक्रोशित थी।

इंसाफ की मांग को लेकर मंगलवार सुबह 11 बजे से पीड़िता, उसके परिजन, ग्रामीण और स्थानीय जनप्रतिनिधि कोतवाली में धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने ठंड के बीच पूरी रात कोतवाली परिसर में बिताई। बुधवार को भी कार्रवाई नहीं होने पर युवती ने आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की। उसने चेतावनी दी कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी होने तक वह कोतवाली से नहीं हटेगी।

अधिकारियों से वार्ता भी बेनतीजा

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ विकासनगर डॉ. आदित्य तिवारी और एसपी देहात स्वतंत्र कुमार सिंह ने प्रदर्शनकारियों से कई दौर की वार्ता की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। बुधवार देर शाम तक पीड़िता और ग्रामीण कोतवाली परिसर में डटे रहे।
सीओ विकासनगर डॉ. आदित्य तिवारी ने बताया कि मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। युवती और उसके परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया गया है। उन्हें समझाने का प्रयास किया जा रहा है।

Advertisement
  • Related Posts

    20 नवंबर से महंगा होगा आंचल दूध, क्रीम पर 50 रुपये तक बढ़े दाम…

    लालकुआं। अमूल और मदर डेयरी के बाद अब आंचल ने भी दूध और दुग्ध उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने नई…

    दो साल बाद परिवार से मिला बुजुर्ग, वीडियो कॉल पर पिता को देख भावुक हुआ बेटा…

    हरिद्वार। प्रयागराज कुंभ में दो साल पहले परिवार से बिछड़े बिहार निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग को हरिद्वार पुलिस ने कलियर क्षेत्र से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।…