उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह भव्यता से संपन्न, राज्यपाल ने मेधावियों को किया सम्मानित; अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि
हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह बुधवार को गरिमामय एवं भव्य वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने आठ शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि और 36 मेधावी शिक्षार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए। वहीं, शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विभिन्न पाठ्यक्रमों की पढ़ाई पूरी करने वाले 14,857 शिक्षार्थियों को डिजिलॉकर के माध्यम से उपाधियां प्रदान की गईं। इस अवसर पर भारतीय रेल सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी एवं प्रख्यात प्रशासनिक विशेषज्ञ अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि से सम्मानित किया गया।
कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने विश्वविद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि विश्वविद्यालय अपनी स्थापना के 21 वर्ष पूरे कर चुका है। वर्तमान में आठ क्षेत्रीय केंद्रों और 144 अध्ययन केंद्रों के माध्यम से 94 शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इस वर्ष हरिद्वार में नया क्षेत्रीय कार्यालय भी स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय ने परीक्षा परिणाम 15 कार्यदिवसों में जारी किए। साथ ही 231 जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से 22,261 लोगों तक पहुंच बनाई गई और एक लाख दस हजार से अधिक पुस्तकें निःशुल्क वितरित की गईं। शिक्षकों ने सात पेटेंट डिजाइन और 135 शोध पत्रों के माध्यम से भी उपलब्धियां हासिल की हैं।
आठ शोधार्थियों को पीएचडी, 36 को स्वर्ण पदक
दीक्षांत समारोह में पीएचडी उपाधि प्राप्त करने वालों में किरण कुमार, प्रवीण लखेड़ा, प्रीती वर्मा, हिमानी तिवारी पाण्डेय, राधा, अंकुर मित्तल, दीपक सोराड़ी एवं मयूर बघरवाल शामिल रहे। वहीं, 36 मेधावियों को विश्वविद्यालय, कुलाधिपति और प्रायोजित श्रेणियों में स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। इनमें 30 विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक, दो कुलाधिपति स्वर्ण पदक और चार प्रायोजित स्वर्ण पदक शामिल हैं।
शिक्षा का उद्देश्य चरित्र निर्माण भी : राज्यपाल
राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री हासिल करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है। शिक्षा का उद्देश्य सिर्फ उपाधि प्राप्त करना नहीं, बल्कि व्यक्ति के चरित्र, चिंतन और व्यवहार को श्रेष्ठ बनाना भी है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र प्रथम की भावना अपनाने, नशे से दूर रहने और अपने ज्ञान एवं कौशल का उपयोग समाज की सेवा में करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर शिक्षा, कौशल और रोजगार के अवसर विकसित करने होंगे।
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि शिक्षा रोजगार प्राप्त करने का माध्यम भर नहीं, बल्कि व्यक्ति और राष्ट्र के समग्र विकास का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन तकनीक, डेटा साइंस और साइबर सुरक्षा जैसे उभरते क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही युवाओं से नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजन करने वाला बनने का आह्वान किया।
अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि से नवाजा
समारोह में भारतीय रेल सेवा के 1980 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी अश्वनी लोहनी को प्रशासनिक, प्रबंधकीय और व्यावसायिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मानद उपाधि प्रदान की गई। वह रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष, एयर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक और भारतीय पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। वहीं, प्रो. नागेश्वर राव ने मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा को उच्च शिक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की सराहना की।
समारोह में विश्वविद्यालय की पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन किया गया और अकादमिक एवं शोध कार्यों में योगदान देने वाले प्राध्यापकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान संगीत विभाग की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी, शोधार्थी, विद्यार्थी और उनके परिजन मौजूद रहे।





