कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा, शोभायात्रा का हुआ पूर्वाभ्यास
हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में 18 नवंबर को आयोजित होने वाले 11वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। समारोह को भव्य और गरिमामय बनाने के लिए विश्वविद्यालय परिसर को आकर्षक रूप दिया जा रहा है। मंच, प्रवेश द्वार और परिसर के प्रमुख स्थलों की साज-सज्जा के साथ अतिथियों के स्वागत और बैठने समेत अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी के नेतृत्व में विभिन्न विभागों और आयोजन समितियों की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। मंगलवार को समारोह की शोभायात्रा का पूर्वाभ्यास भी किया गया। इसमें शोभायात्रा के क्रम, प्रतिभागियों की व्यवस्था और निर्धारित प्रक्रियाओं का अभ्यास किया गया, ताकि मुख्य समारोह के दौरान सभी गतिविधियां व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें।
कुलपति प्रो. लोहनी लगातार तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन का प्रयास है कि समारोह में पहुंचने वाले अतिथियों, शिक्षाविदों और शिक्षार्थियों का गरिमापूर्ण स्वागत हो और आयोजन यादगार बने।





