मुकेश बोरा ने समितियों के सचिवों को पत्र भेजकर स्व-गणना के लिए जागरूक करने के दिए निर्देश
लालकुआं। जनगणना-2027 में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ ने पहल की है। दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिले की 710 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के माध्यम से करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादकों और उनके परिवारों को जागरूक करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में खाद्य पूर्ति अधिकारी एवं सहायक चार्ज अधिकारी मोहित कठायत ने जनगणना के प्रथम चरण के तहत स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया की जानकारी दी। इस दौरान मुकेश बोरा ने समितियों के सचिवों को लिखित पत्र भेजकर दुग्ध उत्पादकों और उनके परिवारों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के नियोजन का आधार होते हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने बताया कि नैनीताल जिले में 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध है। नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर मोबाइल या लैपटॉप के माध्यम से परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं। प्रक्रिया पूरी होने पर मिलने वाली 11 अंकों की स्व-गणना आईडी सुरक्षित रखनी होगी और प्रगणक के घर पहुंचने पर उपलब्ध करानी होगी।
बोरा ने दुग्ध उत्पादकों से स्वयं स्व-गणना करने के साथ रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की। बैठक में सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, संजय सिंह भाकुनी, सुभाष बाबू और कमलेश कुमार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।





