उच्च हिमालय में सीजन का पहला हिमपात, आदि कैलाश-ओम पर्वत बर्फ से लकदक…

पंचाचूली की चोटियों पर भी गिरी बर्फ, एक फीट तक जमी सफेद चादर; निचली घाटियों में ओलावृष्टि से किसानों को नुकसान

पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में रविवार को मौसम ने अचानक करवट बदली। धारचूला और मुनस्यारी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में शीतकाल का पहला हिमपात हुआ, जबकि निचली घाटियों में बारिश के साथ कई स्थानों पर भारी ओलावृष्टि हुई। आदि कैलाश, ओम पर्वत और पंचाचूली की चोटियां बर्फ से लकदक हो गईं। बर्फबारी से हिमालयी क्षेत्र की सैर पर पहुंचे पर्यटकों के चेहरे खिल उठे, वहीं ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। मौसम में आए बदलाव से पूरे जनपद में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।


पिछले कई दिनों से खिली धूप के बाद रविवार सुबह करीब पांच बजे मौसम अचानक बदल गया। दारमा और व्यास घाटी के 10 हजार फीट से अधिक ऊंचाई वाले गांवों में बर्फबारी शुरू हो गई। धारचूला के दांतू सहित आसपास के गांवों में रुक-रुककर हिमपात हुआ। वहीं मुनस्यारी के खलिया टॉप, हंसलिंग, नागनीधूरा, छिपलाकेदार और पंचाचूली की चोटियों के साथ मल्ला जोहार क्षेत्र भी बर्फ से ढक गया। आदि कैलाश और ओम पर्वत की चोटियों पर करीब एक फीट तक बर्फ जम गई, जबकि कुटी सहित आसपास के गांवों में पांच से छह इंच हिमपात हुआ।
बर्फबारी के बीच पंचाचूली के दीदार को पहुंचे 100 से अधिक पर्यटकों ने जमकर मस्ती की। होम स्टे संचालक सौरव दताल, जमन दताल और पानू दताल ने बताया कि सुबह से ही दारमा घाटी में हिमपात और बारिश के चलते ठंड काफी बढ़ गई। उधर, कुटी के ग्राम प्रधान नगेंद्र सिंह कुटियाल और होम स्टे संचालक गुलाब कुटियाल ने बताया कि आदि कैलाश और ओम पर्वत क्षेत्र में करीब एक फीट बर्फ गिरी है। गुंजी, कालापानी और नाभिढांग में भी अच्छी बर्फबारी हुई है।

बर्फ से ढकी सड़कों पर आवाजाही जोखिमभरी

व्यास घाटी में बर्फबारी के चलते सड़कों पर सफेद चादर बिछ गई है। वाहन चालक भरत ह्यांकी के अनुसार गुंजी, कालापानी और नाभिढांग क्षेत्र में सड़क पर बर्फ जमने से वाहनों की आवाजाही जोखिमपूर्ण हो गई है। वहीं नवंबर में शीतकाल शुरू होने के साथ दारमा और व्यास घाटी के अधिकांश ग्रामीण निचली घाटियों की ओर लौट चुके हैं। जिला मुख्यालय सहित निचले इलाकों में भी सुबह हल्की बारिश हुई और दिनभर बादल छाए रहे। कुछ क्षेत्रों में भारी ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि दोपहर करीब एक बजे के बाद धारचूला और व्यास घाटी में मौसम साफ होने लगा।

Advertisement
  • Related Posts

    भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस ने खोला मोर्चा, हस्ताक्षर अभियान से जनता को जोड़ने की पहल…

    सुमित हृदयेश ने भाजपा सरकार को घेरा, मंत्री रेखा आर्या पर लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की उठाई मांग हल्द्वानी। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के…

    जिला अस्पताल हत्याकांड में पुलिस का एक्शन, छठा आरोपी भी गिरफ्तार…

    मुख्य आरोपी समेत छह गिरफ्तार, 24 घंटे के भीतर पांच आरोपी पहुंचे थे जेल; बरेली से पकड़ा गया अमन प्रजापति रुद्रपुर। जिला अस्पताल परिसर में नितेश उर्फ राज जौहरी की…