मुख्य आरोपी समेत छह गिरफ्तार, 24 घंटे के भीतर पांच आरोपी पहुंचे थे जेल; बरेली से पकड़ा गया अमन प्रजापति
रुद्रपुर। जिला अस्पताल परिसर में नितेश उर्फ राज जौहरी की हत्या के मामले में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने छठे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने लगातार दबिश देकर अमन प्रजापति को बरेली के मीरगंज क्षेत्र से गिरफ्तार किया। इससे पहले पुलिस पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को जगतपुरा स्थित प्रजापति टेलीकॉम और राज टेलीकॉम के संचालकों के बीच सीसीटीवी कैमरे की दिशा को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों के बीच मारपीट के बाद जिला अस्पताल परिसर में फिर से झगड़ा हो गया। इस दौरान नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर नुकीली वस्तु से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल नितेश की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दिनेश जौहरी और कमलेश कुमार भी घायल हुए थे।
घटना के बाद एसएसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस ने आकाश कुमार और विनोद कुमार को 13 नवंबर को गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी विकास कुमार को बरेली के इज्जतनगर रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया था। पुलिस के अनुसार, रुद्रपुर लाते समय पुलभट्टा क्षेत्र में उसने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने अमन कुमार और भोला उर्फ देव मंडल को भी गिरफ्तार कर लिया।
अब छठे आरोपी अमन प्रजापति को 15 नवंबर को बरेली के सिन्धौली, मीरगंज क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी विकास कुमार की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार और टी-शर्ट भी बरामद की है। पांच आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है, जबकि छठे आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच जारी है।





