धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ की नारेबाजी, कई गिरफ्तार
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कालाढूंगी दौरे के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कुसुमखेड़ा चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक और उपाध्यक्ष हेमन्त साहू के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में जा रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक लिया। इस पर कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। विरोध में कार्यकर्ता चौराहे पर धरने पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदेश उपाध्यक्ष हेमन्त साहू ने आरोप लगाया कि सरकार पुलिस के दम पर लोकतांत्रिक विरोध की आवाज दबा रही है। उन्होंने अंकिता भंडारी को न्याय न मिलने का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर सवाल खड़े किए। वहीं, मयंक गोस्वामी ने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बदहाल सड़कों और चरमराती स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सरकार को घेरा।
छात्र नेता मेहुल साह और मंजू दानू ने कहा कि युवा कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने मयंक गोस्वामी, हर्ष शर्मा, अक्षत पाठक, घनिष्ठ कुमार, भावेश कुरिया, यश सिंहाना, साहिल राज और सचिन राठौर समेत कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।





