नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में चार युवक पुलिस की गिरफ्त में, SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने खुद संभाली कार्रवाई की कमान
हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले में नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को महज छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी शहर में चर्चित ITI गैंग के सदस्य बताए जा रहे हैं। घटना सामने आने के बाद एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
पुलिस के अनुसार, बीती देर रात नाबालिग बच्ची के परिजनों ने कोतवाली मुखानी पहुंचकर तहरीर दी थी। आरोप लगाया गया कि चार युवकों ने बच्ची को डराने-धमकाने और बहला-फुसलाकर एक होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। नाबालिग से जुड़ा गंभीर मामला सामने आते ही पुलिस महकमे में सक्रियता बढ़ गई। एसएसपी के निर्देश पर तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई।
प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों छात्र संघ प्रत्याशी धीरज बिष्ट सहित नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी को छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई में एसएसपी ने स्वयं लगातार निगरानी बनाए रखी और गिरफ्तारी के लिए अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बाल अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और नाबालिग बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों के प्रति पुलिस की नीति जीरो टॉलरेंस की है। ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
छह घंटे के भीतर चार आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस की त्वरित कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, इस गंभीर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।





