जगतपुरा में दो मोबाइल दुकानदारों के बीच भिड़ंत में चार घायल, अस्पताल में उपचार के दौरान राजकुमार ने तोड़ा दम
रुद्रपुर। मोबाइल कारोबार में वर्चस्व की जंग और आपसी प्रतिस्पर्धा ने शुक्रवार को खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। जगतपुरा-आवास विकास क्षेत्र में दो मोबाइल दुकानदारों के बीच शुरू हुई भिड़ंत जिला अस्पताल तक जा पहुंची। यहां उपचार के दौरान एक पक्ष के लोगों ने राजकुमार उर्फ नितेश कुमार (30) पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अस्पताल परिसर में दिनदहाड़े हुई हत्या से हड़कंप मच गया। घटना के बाद दोनों पक्षों में फिर तनाव फैल गया, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी।
जानकारी के मुताबिक, ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के जगतपुरा-आवास विकास में दिनेश जौहरी और अमन प्रजापति की मोबाइल की दुकानें आमने-सामने हैं। दोनों के बीच लंबे समय से व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा को लेकर तनातनी चल रही थी। शुक्रवार सुबह इसी रंजिश ने तूल पकड़ लिया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। दोनों ओर से जमकर लात-घूंसे चले, जिसमें चार लोग घायल हो गए। मारपीट के दौरान दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए गए।
घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। आरोप है कि यहां भी दोनों पक्षों के बीच विवाद थमने के बजाय और भड़क गया। इसी दौरान राजकुमार उर्फ नितेश कुमार पुत्र कमलेश जौहरी पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमलावरों ने उस पर एक के बाद एक कई वार किए। गंभीर रूप से लहूलुहान राजकुमार को अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
अस्पताल में हत्या की खबर फैलते ही पुलिस महकमे में अफरातफरी मच गई। भारी संख्या में पुलिस बल जिला अस्पताल पहुंच गया। घटना की जानकारी लेने पहुंचे एसपी सिटी प्रमोद कुमार के सामने ही दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला और दोनों पक्षों को अलग-अलग किया। काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका। एहतियातन अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।





