दिवाली की रात पिता से हुई थी आखिरी बात, सुबह PAC परिसर में मिला जवान का शव

46वीं वाहिनी में प्रशिक्षु जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से मचा हड़कंप, परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका

रुद्रपुर। दिवाली का त्योहार एक परिवार के लिए मातम में बदल गया। 46वीं वाहिनी पीएसी में प्रशिक्षण ले रहे 25 वर्षीय जवान विष्णु कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार सुबह पीएसी परिसर में उसका शव मिलने से महकमे में हड़कंप मच गया। जवान की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने उसके शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान होने की बात कहकर मामले में अनहोनी की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, विष्णु कुमार पिछले छह महीने से 46वीं वाहिनी पीएसी में रहकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा था। प्रशिक्षण के चलते वह इस बार दिवाली पर घर नहीं जा सका था। शनिवार देर शाम उसकी अपने पिता हरीश राम से फोन पर बातचीत हुई थी। पिता के मुताबिक, उस समय बेटे की बातचीत बिल्कुल सामान्य थी और किसी तरह की परेशानी का आभास नहीं हुआ। इसके कुछ ही घंटों बाद रविवार सुबह उसकी मौत की खबर ने परिवार को झकझोर कर रख दिया।
विष्णु के पिता हरीश राम ने बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए उसके शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान होने की बात कही है। उनका कहना है कि रुद्रपुर पहुंचकर शव देखने के बाद ही वह पूरी स्थिति स्पष्ट कर सकेंगे।
उधर, सूचना मिलने पर पंतनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जवान के साथ प्रशिक्षण ले रहे अन्य साथियों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल जवान की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Advertisement
  • Related Posts

    एमबीपीजी कॉलेज में सम्मान समारोह के दौरान हंगामा, राज्य आंदोलनकारियों ने उठाए प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल

    समय पर सूचना नहीं देने को लेकर दर्जा मंत्री हुकुम सिंह कुंवर और आंदोलनकारियों के बीच मंच पर तीखी बहस हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर…

    सांसद अजय भट्ट ने किया फूड फेस्टिवल का शुभारंभ, स्थानीय व्यंजनों का लिया स्वाद

    नैनीताल। डीएसए मैदान में आयोजित फूड फेस्टिवल का रविवार को सांसद अजय भट्ट ने फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्थानीय व्यंजनों का…