हल्द्वानी, काठगोदाम और भीमताल से चुराते थे दोपहिया वाहन, मैकेनिक चोरी की बाइक के पार्ट्स काटकर बेचता था
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन वाहन चोर और चोरी की बाइक खरीदने व उनके पार्ट्स काटकर बेचने वाला एक मोटरसाइकिल मैकेनिक शामिल है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हल्द्वानी, काठगोदाम और भीमताल क्षेत्र से चोरी की गईं छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने और सुराग जुटाने के बाद पांच नवंबर को गौला बाईपास रोड से तीन आरोपियों को चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर एक मैकेनिक को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन पाठक निवासी आरटीओ रोड, योगेश कुमार आर्या निवासी प्रेमपुर लोश्यानी, दीपक शर्मा निवासी आरटीओ रोड और विजय श्रीवास्तव निवासी जीतपुर नेगी, रामपुर रोड के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, करन, योगेश और दीपक हल्द्वानी, काठगोदाम व भीमताल क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। इसके बाद चोरी के वाहन विजय श्रीवास्तव को बेच देते थे।
विजय मुखानी क्षेत्र में मोटरसाइकिल मैकेनिक का काम करता है। वह चोरी की बाइकें उत्तर प्रदेश से बुलाए गए लोगों के माध्यम से बेचता था या उनके पार्ट्स खोलकर अलग-अलग बेच देता था। इससे मिलने वाली रकम आरोपी आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन स्प्लेंडर और तीन अन्य मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें स्प्लेंडर प्रो और पल्सर भी शामिल हैं। बरामद वाहन बनभूलपुरा, मुखानी, काठगोदाम, हल्द्वानी और भीमताल क्षेत्र में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के खुलासे में सीसीटीवी फुटेज की अहम भूमिका रही। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।






